मानेसर। सेक्टर-77, 78 और नौरंगपुर को जोड़ने वाली सड़क पर लावारिस पशु और खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। खासकर रात के समय इस सड़क पर हादसे का खतरा लगातार बना रहता है।शिकोहपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बड़ी संख्या में आवारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार पशु सड़क के बीच में खड़े हो जाते हैं या वहीं बैठ जाते हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। दिनभर इस रोड पर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, लेकिन पशुओं के झुंड के कारण दुर्घटना का डर बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम मानेसर में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों के अनुसार सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क से आवारा पशुओं को हटाया जाए और खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। संवाद