अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एसटीएफ कोबरा गुरुग्राम की टीम ने राजस्थान भरतपुर के रहने वाले एक बदमाश को 23 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा व राजस्थान में कुल दस केस दर्ज हैं। बदमाश पर 20 हजार रुपए का ईनाम घोषित था, जिसे गुरुग्राम पुलिस ने कामा राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ गुरुग्राम के उप पुलिस अधीक्षक ललित दलाल की टीम ने गुरुग्राम एसटीएफ यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में 23 साल से फरार चले आ रहे 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश जगदीश निवसी चंदनपुरा भरतपुर राजस्थान को कामा राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जगदीश पिछले 10-12 साल से अब्बास कॉलोनी कामा जिला भरतपुर में राजू पुत्र किशनलाल के नाम से रह रहा था। आरोपी जगदीश उर्फ राजू 28 सितंबर 2000 में दर्ज एक मुकदमे में महेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र से फरार था। जिस पर हरियाणा पुलिस ने जगदीश पर 20 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया हुआ है। आरोपी को एसटीएफ की टीम ने महेन्द्रगढ़ शहर थाना पुलिस को सौंप दिया है। आरोपी के खिलाफ रेवाड़ी में सात, महेन्द्रगढ़, दादरी व अलवर के खैरथल थाना में एक-एक मुकदमा दर्ज है।