एसटीएफ यूनिट करनाल ने 10 जनवरी को आरोपी रमन और लोकेश को करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे। उनके पास से विदेशी में निर्मित चार पिस्टल व आठ कारतूस बरामद किए गए। एसटीएफ यूनिट करनाल ने इसी मामले में वांछित अपराधी बलराज उर्फ बलराम व रविंद्र सिंह उर्फ रवि को कैथल के पुंडरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। चारों आरोपी गैंगस्टर रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग के लिए काम करते हैं।
अमेरिका में वारदातों को दिया अंजाम
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वे अमेरिका में रहते हुए संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। उन्होंने 23 दिसंबर 2024 को कैलिफोर्निया (अमेरिका) के स्टॉकटन में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में भूमिका निभाई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने सोशल मीडिया पर ली थी। वहीं, 18 अक्तूबर 2025 को आरोपियों ने साजिश रचकर अमेरिका में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर फ्रेजनो, कैलिफोर्निया स्थित एआरएस ट्रक ट्रेलर रिपेयर शॉप, 5400 ब्लॉक साउथ सीडर एवेन्यू में जानलेवा हमला किया।
इस वारदात में एक सहयोगी बनवारी गोदारा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सहयोगी को गोली लगने से गंभीर चोटें आईं थी। यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के भीतर बढ़ते आंतरिक विभाजन का हिस्सा बताया गया है। योजना को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने अमेरिका में दो स्थानीय शूटरों को हथियार उपलब्ध कराए। हमले की घटना के दौरान आरोपी खुद भी मौके पर मौजूद रहे थे। ताकि हैरी बॉक्सर की हत्या सुनिश्चित की जा सके।
जबरन वसूली करते थे अपराधी
आरोपी विदेश से रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग के लिए जबरन वसूली के रैकेट संचालित कर रहे थे। वे हरियाणा, दिल्ली, पंजाब व राजस्थान में व्यवसायियों के घरों, कार्यालयों पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। विशेषकर उन मामलों में जहां जबरन वसूली की रकम का भुगतान नहीं किया गया।
यह मामला राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से गंभीर रूप से जुड़ा हुआ है। प्रकरण से संबंधित घटनाक्रमों की जानकारी इंटरपोल और संयुक्त राज्य अमेरिका के सक्षम प्राधिकरणों को औपचारिक रूप से दी जाएगी। ताकि मामले में विधिक, जांचात्मक व परिचालन स्तर पर निरंतर समन्वय किया जा सके। -बी. सतीश बालन, आईजी, एसटीएफ हरियाणा