मामले में अगली सुनवाई 30 अक्तूबर को होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रिंस हत्याकांड में शुक्रवार को जिला अदालत में सीबीआई की तरफ से पेश हुए भाई-बहन के बयान दर्ज किए गए। इस मामले की सुनवाई अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुनीत सहगल की अदालत में चल रही है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 30 अक्तूबर को होगी। आठ सितंबर 2017 को निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। आदित्य और उनकी बहन आरुषि के बयान अदालत में दर्ज हुए। इन दोनों ने आरोपी भोलू को बाथरूम से निकलते हुए देखा था।
बाद में आदित्य ने बाथरूम से प्रिंस को भी खून से लथपथ हालत में बाहर निकलते देखा था। उसके बाद वह थोड़ी दूर जाकर गिर गया था। इसकी सूचना उन्होंने पास में मौजूद अध्यापिका को दी थी। बाथरूम से बाहर निकलते हुए आरोपी उनके साथ हाई-फाई करते हुए निकल गया। आदित्य का बयान 11 अप्रैल को अदालत में दर्ज हो गए थे।
प्रिंस के पिता ने बताया कि शुक्रवार को आदित्य का बचाव पक्ष की तरफ से क्रॉस एग्जामिनेशन किया गया। शुक्रवार को आदित्य की बहन आरुषि के बयान अदालत में दर्ज हुए। आरुषि ने अदालत में बताया कि उस दिन उनकी परीक्षा थी। वह अपने भाई से थोड़ा आगे चल रही थी। जब वह बाथरूम के पास पहुंची तो उन्होंने आरोपी को बाथरूम से निकलते हुए देखा था। उन्होंने बताया कि आरोपी उस समय बार-बार पीछे मुड़कर देख रहा था। इसके बाद वह अपनी परीक्षा देने चली गई थी। जब वह दोपहर में घर आ रही थी तो उन्होंने देखा कि स्कूल परिसर में पुलिस बल और मीडिया कर्मी मौजूद थे। उन्होंने अपने भाई से पूछा तो उन्होंने बताया कि एक छात्र को काफी खून आया था। रात को पता चला कि स्कूल में एक छात्र की हत्या हो गई। बचाव पक्ष ने आरुषि से सवाल भी किए। बचाव पक्ष ने पूछा था कि सीबीआई को उनके घर का पता कैसे चला, वह आरोपी को कैसे जानते है।