13 सितंबर तक खिलाड़ी कर सकेंगे पंजीकरण
नंबर गेम- 400 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। टेबल टेनिस के खिलाड़ियों को जिले में अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलने जा रहा है। हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन की ओर से दूसरी राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 सितंबर तक सेक्टर-65 स्थित प्रज्ञानम स्कूल में किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से 400 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को 13 सितंबर तक पंजीकरण कराना होगा।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच मुकाबले होंगे। पुरुष वर्ग में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एकल वर्ग के मुकाबले होंगे। इसी तरह महिला वर्ग में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगी। अलग-अलग आयु वर्गों में होने वाले मुकाबलों में प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी पहुंचेंगे।
हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विकास अरोड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और प्रतियोगिता के दौरान व्यवस्थित माहौल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।