सेक्टर-37डी के पास सड़क पर दो से तीन फीट तक भरा गंदा पानी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बसई-गढ़ी रेवेन्यू रोड पर सेक्टर-37डी के पास सीवर का गंदा पानी जमा होने से लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। यह पानी बहकर सेक्टर-37डी की मास्टर रोड तक पहुंच रहा है, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है।
यह सड़क काफी व्यस्त रहती है और बड़ी संख्या में लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से यहां सीवर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। आए दिन सड़क पर गंदा पानी जमा होने से वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। बता दें कि सड़क की हालत भी जर्जर है। इससे राहत दिलाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की ओर से वार्ड-6 में इस सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2.30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सड़क बनने से आसपास की कॉलोनियों और सेक्टरों में रहने वाले लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह सड़क बसई से द्वारका एक्सप्रेसवे को जोड़ती है।