करनाल में चमकी नूंह की बेटी, इशिका कुमारी ने जीता गोल्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। जिला नूंह जिसे अक्सर बेहद पिछड़ा इलाका माना जाता है। अब खेलों के मैदान में भी अपनी पहचान बनाने लगा है। जिले की बेटी इशिका कुमारी ने करनाल में 16-17 अगस्त को आयोजित ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।अंडर-16 वर्ग में आयोजित 60 मीटर दौड़ में इशिका ने महज़ 8.9 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। रविवार को जब वह अपने गांव लौटीं, तो ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इशिका का यह पहला गोल्ड नहीं है। इससे पहले भी वह उड़ीसा के भुवनेश्वर में हुई जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर जिला ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। इशिका ने अब तक पांच गोल्ड और चार सिल्वर मेडल अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हासिल किए हैं। उन्होंने 100 मीटर की दौड़ केवल 12 सेकंड में और 200 मीटर की दौड़ 26.5 सेकंड में पूरी कर इतिहास रचा था। इसके अलावा खेल महाकुंभ सीनियर स्टेट चैंपियनशिप और डीएवी नेशनल प्रतियोगिता में भी इशिका स्वर्ण व कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इशिका के पिता सहायक उप निरीक्षक के पद पर गुरुग्राम की भोंडसी जेल में सेवा दे रहे हैं, जबकि उनका भाई सुनील कुमार बीजेपी आईटी सेल का जिला सदस्य है। माता कोकल देवी गृहिणी हैं।