मानसून को देखते हुए समस्या से निपटने की तैयारियां तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम मानेसर ने जलभराव की समस्या से निपटने की तैयारी तेज कर दी है। निगम आयुक्त प्रदीप सिंह के निर्देश पर पूरे निगम क्षेत्र में विशेष टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों को बरसाती नालों, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कर बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम ने जलभराव की आशंका वाले 23 स्थानों की पहचान की है।
आयुक्त प्रदीप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था की जांच करने के लिए कहा गया है। दोनों डिवीजन में संयुक्त आयुक्तों को पूरी व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे सफाई कार्य और अधिकारियों के काम की नियमित समीक्षा करेंगे।
आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी खुद मौके पर जाकर सफाई कार्य की निगरानी करें। सोमवार तक प्रमुख ड्रेनों, बरसाती नालों और छोटी-बड़ी नालियों की सफाई पूरी कराई जाए। सफाई पूरी होने के बाद संबंधित अधिकारी इसका प्रमाण पत्र आयुक्त कार्यालय में जमा करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी काम समय पर पूरे हुए हैं। नगर निगम ने जलभराव की आशंका वाले 23 स्थानों की पहचान की है। इन सभी जगहों पर जेई, एसडीओ और अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें मानेसर, खोह, कासन, नैनवाल, कुकड़ौला, नखड़ौला, नाहरपुर कासन, सिकंदरपुर बढ़ा, नवादा, नौरंगपुर, ढाणा, शिकोहपुर, हयातपुर, गढ़ी, हरसरू, वजीरपुर, भांगरौला और ढोरका समेत कई इलाके शामिल हैं।