गुरुग्राम। गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने भावनगर टर्मिनस और शकूरबस्ती के बीच स्पेशल रेलगाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन गुड़गांव रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेगी जिससे जिले के यात्रियों को दिल्ली और गुजरात की ओर सफर करने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह ट्रेन सीमित फेरों के लिए चलाई जाएगी।
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09257 भावनगर टर्मिनस-शकूरबस्ती स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार को 29 मई और 5, 12, 19 व 26 जून को चलाई जाएगी। यह ट्रेन भावनगर टर्मिनस से दोपहर 2:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:55 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वहीं वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 09258 शकूरबस्ती-भावनगर स्पेशल प्रत्येक शनिवार को 30 मई और 6, 13, 20 और 27 जून को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 8:50 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन गुड़गांव रेलवे स्टेशन सहित रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना, फुलेरा, अजमेर, मारवाड़, आबूरोड, पालनपुर, महेसाणा, गांधीग्राम, सरखेज, धोला जंक्शन और सिहोर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन में द्वितीय एसी, थर्ड एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी। गुरुग्राम में बड़ी संख्या में लोग नौकरी, व्यापार और पारिवारिक कारणों से राजस्थान और गुजरात की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी और अन्य ट्रेनों पर दबाव भी कम होगा। खासतौर पर गर्मी की छुट्टियों में दिल्ली और गुजरात रूट पर ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है, जिसके चलते यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ता है।