गुरुग्राम। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत महीने में चार बार निशुल्क जांच की जाती है। सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल में 30 अप्रैल को विशेष अभियान के जरिए निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शालिनी ने बताया कि पहले यह सुविधा केवल तीन बार उपलब्ध थी लेकिन अब इसे बढ़ाकर चार बार कर दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर महीने की 9, 10, 23 और महीने की आखिरी तारीख को यह निशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन तिथियों पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में महिलाओं की नियमित जांच, आवश्यक परीक्षण और परामर्श दिया जाता है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं और उनके शिशुओं के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है। विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है, ताकि समय रहते किसी भी जटिलता का पता लगाया जा सके। सीएमओ डॉ. लोकवीर ने बताया कि इस पहल से मातृ व शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलने की उम्मीद है। संवाद