बादशाहपुर। सोहना एलिवेटेड हाईवे पर यातायात संचालन के बाद सही मायने में फर्राटेदार सफर शुक्रवार देर शाम से शुरू हो पाया है। अब यहां वाहन चालकों को जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ रहा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईवे पर नई व्यवस्था कर प्रवेश-निकास की बाधा दूर कर दी है।
शुक्रवार शाम से सुभाष चौक और जेल मोड़ पर प्रवेश और निकास की एक साथ व्यवस्था कर दी गई है। पहले राजीव चौक से सोहना की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को राजीव चौक, सुभाष चौक और जेल मोड़ के पास प्रवेश के लिए कट दिया गया था। इसी प्रकार भोंडसी से गुरुग्राम की तरफ आने वाले वाहन चालकों के लिए जेल मोड़ और सुभाष चौक के पास निकास के लिए कट दिया गया था। जिसकी वजह से वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही थी। एक बार हाईवे पर चढ़ने के बाद बीच के वाहन चालकों को उतरने के लिए करीब सात किलोमीटर ज्यादा घूमकर आना पड़ता था। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास मित्तल ने बताया कि राजीव चौक से भोंडसी जाने वाले वाहन चालकों के लिए हाईवे के दोनों तरफ प्रवेश और निकास के लिए कट की व्यवस्था कर दी गई है।
----
साउथ सिटी-2 के लिए बनेगा यू-टर्न
बादशाहपुर से गुरुग्राम की तरफ आने वाले वाहन चालकों को पीक ऑवर में साउथ सिटी के पास जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है। साउथ सिटी-2 के पास यू-टर्न बनाया जा रहा है। इसके बाद बादशाहपुर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों को साउथ सिटी जाने के लिए सुभाष चौक से घूमकर नहीं आना पड़ेगा।