बिल्डर पर गंभीर वादाखिलाफी का आरोप
एसडीएम मानेसर और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखा
संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। सेक्टर-82 स्थित वाटिका इंडिया नेक्स्ट-2 के निवासी पिछले कई वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान निवासियों ने बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। आरडब्ल्यूए सदस्यों और निवासियों का आरोप है कि बिल्डर द्वारा किए गए वादे केवल कागजों तक सीमित हैं और संबंधित विभाग जैसे एचएसवीपी, जीएमडीए और एमसीजी उनकी शिकायतों पर आंखें मूंदे बैठे हैं। जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि सुंदरलाल सिंगला और सीएम विंडो एमिनेंट सदस्य अनु यादव के नेतृत्व में निवासियों ने एसडीएम मानेसर और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखा है। निवासियों ने अपनी मांगे बताईं जिसमें सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाना, जर्जर हो चुकी ई3 रोड और 24 मीटर के दायरे वाली सड़कों की तत्काल मरम्मत करना, सोसाइटी में मंदिर के लिए निर्धारित जगह पर निर्माण शुरू किया जाना शामिल है। वहीं शिकायत पत्र में सबसे गंभीर आरोप मुख्यमंत्री के आदेशों की अवहेलना को लेकर लगाया गया है। निवासियों के अनुसार 12 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री द्वारा 24 मीटर चौड़ा रास्ता देने का आदेश दिया गया था लेकिन वो अब तक नहीं मिल पाया है। आरोप है कि इस आदेश को न मानकर 15 मीटर रोड पर ही प्लॉटिंग कर उन्हें प्रॉपर्टी बेच दी गई है। निवासियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे बार-बार सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराते हैं लेकिन समाधान होने के बजाय शिकायतों को दबा दिया जाता है। अनु यादव, सुमन, कृष्णा, रोहित, पिंकी आदि ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।