विधायक ने विधानसभा में उठाया बूचड़खानों का मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन फिरोजपुर झिरका के विधायक मामन खान इंजीनियर ने मेवात क्षेत्र में संचालित व निर्माणाधीन बूचड़खानों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि जिले में वर्तमान में 9 बूचड़खाने चल रहे हैं, जबकि 21 प्रस्तावित हैं। इनसे फैल रही दुर्गंध, मक्खी-मच्छरों व बीमारियों से आमजन का जीवन दूभर हो गया है। उन्होंने मांग की कि प्रदूषण विभाग द्वारा तय मानकों को पूरा न करने वाले बूचड़खानों के लाइसेंस रद्द कर सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक ने कहा कि गांवों के लोग 8-8 किलोमीटर दूर तक बदबू और गंदगी से परेशान हैं। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि मेवात क्षेत्र में किसी भी सूरत में नए बूचड़खानों को एनओसी नहीं दी जाए।
जवाब में उद्योग मंत्री राम नरबीर सिंह ने सदन को बताया कि पहले बूचड़खानों का कोई स्पष्ट क्राइटेरिया नहीं था, लेकिन 29 जनवरी 2025 से इनके लिए नियम तय कर दिए गए हैं। इसके तहत मंदिर, मस्जिद व स्कूल से कम से कम 500 मीटर की दूरी पर ही बूचड़खाने लगाए जा सकते हैं। साथ ही, गांव के सरपंच, प्रदूषण विभाग, एसडीएम व सीएमओ की टीम समय-समय पर निरीक्षण करेगी।