गुरुग्राम। दिवाली से पहले जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट आने लगी है। जांच में छह और नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। इससे पहले भी करीब चार नमूने फेल पाए गए थे। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) हरियाणा की रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में फेल हुए पांच सब स्टैंडर्ड और एक अनसेफ श्रेणी में पाया गया है।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सेक्टर-10 के हरि नगर स्थित एक डेयरी से लिए गए पनीर और खोया के नमूने, पटौदी की दो अलग-अलग डेयरियों से लिए गए पनीर और गांव भांगरौला चौक स्थित एक प्रतिष्ठान से लिए गए घी गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे और सब स्टैंडर्ड श्रेणी में रखा गया है। जबकि सेक्टर-37 स्थित एक रेस्टोरेंट से बादाम खोया बर्फी अनसेफ पाया गया।