गंभीर मामलों में सफदरजंग अस्पताल किया जाएगा रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिवाली त्योहार के मद्देनजर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में छह बेड का अस्थायी बर्न वार्ड तैयार किया गया है। हर साल दिवाली के दौरान पटाखे जलाते समय कई लोग गंभीर रूप से जल जाते हैं, जिनके तत्काल उपचार के लिए इस वार्ड की स्थापना की गई है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह वार्ड विशेष रूप से हल्के और मध्यम श्रेणी के जलने वाले मामलों के तुरंत इलाज के लिए बनाया गया है। यहां आवश्यक दवाएं, ड्रेसिंग सामग्री, ऑक्सीजन सिलिंडर व प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की व्यवस्था की गई है। यदि किसी मरीज की हालत गंभीर रहती है तो उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया जाएगा।चिकित्सा अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे पटाखे जलाते समय सतर्कता बरतें और बच्चों को निगरानी में रखें। अस्पताल प्रशासन ने यह भी बताया कि इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी और बर्न वार्ड के डॉक्टरों की टीम को विशेष रूप से ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
अस्पताल में दिवाली के दौरान पटाखों से जलने की घटनाओं को देखते हुए छह बेड का अस्थायी बर्न वार्ड तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य घायल लोगों का तुरंत प्राथमिक उपचार करना है। गंभीर मरीजों को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया जाएगा।
डाॅ लोकवीर, पीएमओ, सेक्टर 10 नागरिक अस्पताल