1002 बोतल अंग्रेजी शराब, 120 केन बीयर, 24 बोतल बीयर बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-40, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने अवैध शराब के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 106 बाल्टियों में रखी 1002 बोतल अंग्रेजी शराब, 120 केन बीयर, 24 बोतल बीयर व दो कैंटर बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एक्साइज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बीते 24 नवंबर की रात को अपराध शाखा सेक्टर-40 के प्रभारी निरीक्षक अमित की पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुधीर निवासी गांव हसनपुर जिला समस्तीपुर (बिहार) हाल निवासी गांव हयातपुर (गुरुग्राम), शोहिब निवासी गांव निंबाहेड़ी, अलवर (राजस्थान), मूंफेद उर्फ नोली निवासी गांव निंबाहेड़ी, अलवर (राजस्थान), भूपेंद्र यादव निवासी गांव टेकापार जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) हाल निवासी वजीरपुर (गुरुग्राम), अमित निवासी गांव टेकापार जिला रायसेन (मध्य प्रदेश) हाल निवासी वजीरपुर (गुरुग्राम) और रामपाल निवासी गांव बगदरी जिला सागर (मध्य प्रदेश) हाल निवासी वजीरपुर (गुरुग्राम) को सीएमओ कार्यालय सेक्टर-32 के पास से अवैध शराब से भरी दो गाड़ियों सहित गिरफ्तार किया है।
आरोपी सुधीर एक गाड़ी का चालक है। आरोपी मूंफेद कैंटर गाड़ी का चालक व आरोपी शोहिब आरोपी मूंफेद का सहायक है। आरोपी भूपेंद्र, अमित व रामपाल एक गाड़ी से बाल्टियों में भरी अवैध शराब को दूसरी कैंटर में रख रहे थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि बरामद हुई शराब गुरुग्राम से गुजरात में सप्लाई की जाने वाली थी। आरोपियों द्वारा पुलिस को चकमा देने के लिए शराब से भरी बाल्टियों को कैंटर गाड़ी में टाइल और लोहे की एंगलों के नीचे रखा जा रहा था। गाड़ी चालकों और शराब एक गाड़ी से दूसरी गाड़ी में रख रहे आरोपियों को सामान्य किराया व दिहाड़ी से अधिक रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है ताकि अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सके।