फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पर्यटकों से गुलजार रहने वाले पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम। हरियाणा का प्रमुख जिला गुरुग्राम वैसे तो द्रोणाचार्य के गांव के नाम से विश्वविख्यात है, लेकिन गगनचुंबी इमारतों व बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी यह मशहूर है। इसके अलावा अरावली की दहलीज पर बसे शहर के पर्यटक स्थल भी देश-विदेश के लोगों के लिए आकर्षण के केंद्र हैं, लेकिन कोरोना काल में इनकी रौनक समाप्त सी हो गई है। सोहना स्थित दमदमा झील, सुल्तानपुर राष्ट्रीय पक्षी उद्यान, सुल्तानपुर झील, किंगडम ऑफ ड्रीम्स समेत कई ऐसे स्थान हैं, जहां देश-विदेश से पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। कभी पर्यटकों से गुलजार इन पर्यटक स्थलों पर अब सन्नाटा पसरा है। पेश है संवाददाता विजय सिंघल की यह रिपोर्ट...
विज्ञापन

---------
सुल्तानपुर राष्ट्रीय पक्षी उद्यान
उद्यान इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 34 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। 265 एकड़ भूभाग पर फैले इस उद्यान की खोज का श्रेय पक्षी प्रेमी जैक्सन को जाता है। यहां एक प्राचीन झील भी है, जहां दिल्ली-एनसीआर से प्रतिदिन सैकड़ाें लोग घूमने के लिए आते थे। झील में प्रत्येक वर्ष प्रजनन के लिए देसी पक्षियों के साथ ही साइबेरिया से भी लगभग 100 प्रजातियां आती हैं। हर साल यूरोप, मध्य एशियाई देशों में बर्फ पड़ने पर भी विदेशी पक्षी झील में भोजन की तलाश में आते हैं। झील को आम लोगों के लिए हर साल 1 अक्तूबर को खोल दिया जाता था, लेकिन इस वर्ष अभी तक सरकार की तरफ से कोई दिशानिर्देश नहीं मिले हैं। जबकि यहां पर अवकाश के दिनों में पर्यटकों की संख्या दो हजार से भी ज्यादा रहती थी।
---------------
दमदमा झील
सोहना से 8 किलोमीटर की दूरी पर झील स्थित है। मछली पकड़ने के शौकीन पर्यटकों के लिए यह एक बेहतर जगह है। हरियाणा के पर्यटन निगम ने इसे पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित किया है, लेकिन कोरोना में यहां की भी स्थिति अच्छी नहीं है। झील के साथ ही टूरिस्ट कांप्लेक्स होने से हर मौसम में यहां पर पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता था। पर्यटक झील में बोटिंग करने के साथ ही खाने-पीने का भी आनंद लेते थे। यहां तक कि रूम लेकर दिन में ठहरते भी थे। अवकाश के दिनों में प्रतिदिन यहां पर करीब 500 पर्यटक आते थे, लेकिन कोरोना काल में इस समय प्रतिदिन मात्र 20 से 30 पर्यटक ही आ रहे हैं।
विज्ञापन

--------------
किंगडम ऑफ ड्रीम्स
सेक्टर-29 स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स लाइव मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए देशभर में विख्यात है। 29 जनवरी, 2010 को मुख्यमंत्री ने इसकी शुरुआत की थी। ओपेरा थियेटर में पेरिस, अमेरिका, इंग्लैंड समेत कई देशों की झलक दिखाई देती है। यहां पर एक सांस्कृतिक केंद्र भी है, जहां देश के कई राज्यों सभ्यता संस्कृति दिखाई देती है। यहां भी आजकल कोरोना के कारण सन्नाटा पसरा पड़ा है।
--------
सुल्तानपुर झील को खोलना है या नहीं यह निर्णय प्रशासन को करना है। हमारी तरफ से विदेशी पक्षियों के स्वागत व झील में अन्य सभी प्रकार की तैयारियां पूरी हैं। हर वर्ष की तरह ही हमने व्यवस्था पूरी कर रखी है।
- राजेंद्र प्रसाद, जिला वन्य जीव अधिकारी
-----------
सुल्तानपुर झील क्षेत्र की शोभा है। फर्रूखनगर की पहचान भी है। विदेशों से भी पक्षियों को देखने पर्यटक आते थे। इस बार कोरोना के कारण सुल्तानपुर झील पर पर्यटकों का आवागमन कम होगा। इससे क्षेत्रीय लोग निराश हैं। आर्थिक नुकसान भी होगा।
विज्ञापन

- भीम सिंह सारवान, समाजसेवी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें