बिलासपुर-तावड़ू रोड पर पथरेड़ी गांव के पास रविवार की सुबह 4.15 बजे की घटना
- गो तस्कर सोनीपत से पिकअप से दो बैलों को लेकर जा रहे थे टपूकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बिलासपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह करीब 4.15 बजे गो तस्करों ने उनका पीछा कर रही काउ टास्क फोर्स पर दो गोली चलाईं। गनीमत रही कि यह गोलियां काउ टास्क फोर्स के किसी जवान को नहीं लगी। हालांकि, पुलिस ने एक गोतस्कर को मौके से ही गिरफ्तार किया है, जबकि उसे तीन अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। एएसआई सुनील कुमार की शिकायत के आधार पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत बिलासपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अन्य गो तस्करों की तलाश कर रही है।
रविवार की सुबह काउ टास्क फोर्स को सूचना मिली कि गो तस्कार पिकअप में गोवंश को लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बिलासपुर-तावड़ू रोड पर पथरेड़ी गांव में पास नाकाबंदी की। सुबह करीब 4.15 बजे पिकअप गाड़ी बिलासपुर से तावड़ू की ओर आ रही थी। पुलिसकर्मियों ने पिकअप चालक को गाड़ी रोकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस नाका देखकर करीब 100 मीटर पहले ही गाड़ी को मोड़ने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी बंद हो गई।
इसके बाद पुलिसकर्मी गाड़ी की ओर दौड़े तो एक युवक ने नीचे उतरकर पिस्टल से पुलिस टीम पर दो गोलियां चलाईं। इसके बाद गाड़ी से चार युवक उतरकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि तीन आरोपी युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। पकड़े गए युवक की पहचान नूंह के गुड़ा गुड़ी गांव निवासी सोयब के रूप में हुई है। जबकि भागने वाले आरोपी जुबेर, आशिक व नारी हैं, ये तीनों तावड़ू क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।
पिकअप के आगे नंबर प्लेट लगी हुई है, जबकि पीछे वाली नंबर प्लेट नहीं है। पिकअप की जांच करने पर उसमें दो बैल मिले। पकड़े गए आरोपी सोयब से पूछताछ में पता चला कि वे इन बैल को सोनीपत से राजस्थान के टपूकड़ा लेकर जा रहे थे। आरोपी युवक गाड़ी के दस्तावेज व गोधन ले जाने संबंधी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
पकड़े गए आरोपी सोयब से पूछताछ की जा रही है। आगामी कार्रवाई के लिए आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता