कॉमर्शियल सिलिंडर की अभी भी 30 प्रतिशत कमी, दुकानदारों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में गैस किल्लत का असर लगातार देखने को मिल रहा है। खासतौर पर कॉमर्शियल सिलिंडर की कमी ने पीजी संचालकों और छोटे दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते कई दिन से आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज पर असर पड़ रहा है। पीजी में रहने वाले लोगों को समय पर भोजन नहीं मिल पा रहा है। वहीं, संचालकों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं। शहर में अभी भी कॉमर्शियल सिलेंडर की 30 प्रतिशत कमी बनी हुई है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई जगहों पर गैस की बजाय चूल्हों का सहारा लिया जा रहा है। इससे न केवल समय अधिक लग रहा है, बल्कि प्रदूषण और असुविधा भी बढ़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि गैस की कमी के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति को जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समस्या होने पर करें शिकायत
गैस से जुड़ी शिकायतों के लिए प्रशासन की ओर से नंबर जारी किया गया है। डीएफएससी की सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार कंट्रोल रूम नंबर 0124-2868930 जारी किया गया है, ताकि उपभोक्ता सीधे शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
-
दुकान बंद करने का लेना पड़ा फैसला
जब से गैस की समस्या शुरू हुई है, पीजी में खाना बनने में देरी हो रही है। मजबूरी में चूल्हे की व्यवस्था करनी पड़ी है। साथ ही गैस की कमी के कारण खाने के मैन्यू में भी कटौती की गई है, खाने में भी सीमित विकल्प हो गए हैं। -
रत्नेश शुक्ला, इंजीनियर, सेक्टर-15
कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल रहा है और घरेलू सिलिंडर चार हजार रुपये तक में लेना पड़ रहा है। इतनी महंगी गैस में दुकान चलाना मुश्किल हो गया है। हालात सामान्य होने तक हमने दुकान बंद करने का फैसला लिया है, क्योंकि लगातार नुकसान उठाना संभव नहीं है। -
रवि, दुकानदार, शीतला काॅलोनी
-
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी अभी भी बनी हुई है। मंत्रालय से कोई नया आदेश आने के बाद ही सप्लाई में बदलाव किया जाएगा। -
भरत यादव, एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर, हरियाणा