बारिश के बाद दुर्गंध से दुकानों में बैठना भी हुआ मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सिकंदरपुर मार्केट में गंदगी और कूड़े के उठान न होने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। मेट्रो पिलर के आसपास कई दिनों से कूड़ा पड़ा है। बारिश के बाद कूड़े से दुर्गंध उठने के कारण दुकानों में बैठना मुश्किल हो गया है। लोगों ने नगर निगम से जल्द सफाई और नियमित कूड़ा उठान की मांग की है। डीएलएफ क्षेत्र के इस प्रमुख बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते हैं।
दुकानदारों ने कूड़ेदान रखे हैं, लेकिन कुछ लोग रात में पिलर के पास कूड़ा फेंक देते हैं। पिछले कुछ दिनों से कूड़े का उठान नहीं होने से स्थिति और खराब हुई है। सिकंदरपुर मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन ने नगर निगम को शिकायत दी है, पर समाधान नहीं हुआ। दुकानदारों ने पार्षद सुंदर को भी इस समस्या से अवगत कराया है।
-
गंदगी के कारण बाजार की छवि खराब
कई दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया है। बारिश के बाद कूड़े से तेज दुर्गंध आती है। दुकान में बैठकर काम करना मुश्किल हो रहा है। -संजीव यादव, दुकानदार
मेट्रो पिलर के आसपास लोग लगातार कूड़ा डाल रहे हैं। गंदगी के कारण बाजार की छवि भी खराब हो रही है। निगम को जल्द कूड़ा उठवाना चाहिए। -रविंद्र यादव, दुकानदार
बारिश होने के बाद कूड़ा गीला हो जाता है और बदबू फैलने लगती है। ग्राहक भी कई बार गंदगी देखकर दुकान पर रुकना पसंद नहीं करते। -मुकेश यादव, दुकानदार
संजीव यादव, सिकंदरपुर बाजार
संजीव यादव, सिकंदरपुर बाजार
संजीव यादव, सिकंदरपुर बाजार