फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: दीपक नांदल गिरोह का शार्प शूटर मुठभेड़ में दबोचा

विज्ञापन
मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पड़ी बदमाश की बाइक के पास एसटीएफ टीम। फोटो स्रोत- एसटीएफ
विज्ञापन
एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में लगी गोली
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन, डिस्चार्ज होने के बाद किया जाएगा गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हरियाणा की ओर से अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के शार्प शूटर को दबोचा गया है। 13 अप्रैल को रात करीब 12:50 बजे शॉर्प शूटर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर बदमाश ने फायरिंग कर दी। इसके बाद एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में गोली लग गई और उसे दबोच लिया गया। उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
शार्प शूटर की पहचान सोनीपत के जाजल गांव निवासी निवेश उर्फ डिल्ला के रूप में हुई है। 13 अप्रैल को एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर दीपक नांदल विदेश में बैठकर गिरोह चला रहा है। वह सहयोगी निवेश उर्फ डिल्ला के माध्यम से फैशन डिजाइनर मंयक चावला के कार्यालय पर फिरौती के लिए दोबारा फायरिंग करवाने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने बंधवाड़ी गांव के पास नाकाबंदी की। इसी कार्रवाई के तहत 13 अप्रैल रात करीब 12:50 बजे एसटीएफ की टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। बाइक सवार युवक ने रुकने की बजाय पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
विज्ञापन

बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली एसटीएफ के सब इंस्पेक्टर विवेक की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी और एक गोली पीएसआई विकास के बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। दोनों जवान घायल होने से बाल-बाल बच गए। बाइक सवार बदमाश ने कुल चार राउंड फायर किए। वहीं, एसटीएफ द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे काबू किया और उससे एक अवैध पिस्टल बरामद की गई। घायल बदमाश निवेश उर्फ डिल्ला को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी निवेश उर्फ डिल्ला गैंगस्टर दीपक नांदल के लिए कार्य करता है। आरोपी करनाल में हुई फायरिंग की घटना में हथियार सप्लाई करने और 20 फरवरी को फैशन डिजाइनर मयंक चावला के गोल्फ कोर्स रोड स्थित कार्यालय पर हुई फायरिंग में भी हथियार उपलब्ध कराने में शामिल रहा है। आरोपी डीएलएफ फेज-1 थाना में दर्ज एक मामले में संगठित अपराध सिंडिकेट के तहत धारा 111(4) बीएनएस व आर्म्स एक्ट में भी वांछित था। मामले में एसटीएफ ने फायरिंग मामले में तीन आरोपियों देवेंद्र, नवीन व संदीप को गिरफ्तार करके उनके पास से दो ऑटोमैटिक पिस्टल, सात कारतूस और एक गाड़ी बरामद की थी।
विज्ञापन


वर्जन
आरोपी निवेश उर्फ डिल्ला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिस्चार्ज होने के बाद गिफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से पूछताछ के दौरान गैंग के अन्य सदस्यों व आपराधिक नेटवर्क के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। - प्रीतपाल, डीएसपी, एसटीएफ हरियाणा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें