संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। शनि जयंती पर महचाना स्थित श्री हनुमान एवं श्री शनि मंदिर में यज्ञ (हवन), महिला सत्संग और हलवा प्रसाद वितरण किया गया। इसमें ग्रामीणों ने आहुतियां डालीं व जयकारे लगाए। मंदिर में हवन-यज्ञ में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां दीं। इस दौरान पूरा माहौल वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान शनि व पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
धार्मिक अनुष्ठान के अगले चरण में महिला सत्संग का आयोजन किया। महिलाओं ने ढोलक और मंजीरो की थाप पर एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजन और कीर्तन प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्ति के रस में डूब गया।
वहीं, राहगीरों एवं श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध देसी घी के हलवे का प्रसाद तैयार किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और भक्तों को बड़े पैमाने पर हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
-
श्रीशनि यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया
फर्रुखनगर। ज्येष्ठ अमावस्या एवं श्री शनि जयंती के अवसर पर अमरधाम श्री हरिमंदिर वार्ड नंबर-13 में श्री शनि पूजन, श्रीशनि यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। विधिपूर्वक भगवान शनिदेव का पूजन किया गया। यज्ञ का आचार्यत्व पंडित लक्ष्मीनारायण ने किया। इस अवसर पर अमर धाम के अधिष्ठाता डॉ. स्वामी उमानंद ने कहा कि भारत पर्वों का देश है। यहां का प्रत्येक दिन उत्सव है। इन उत्सवों में हमारी संस्कृति और सोच समाहित है। श्री शनि देव कर्मों का फल देने वाले हैं और बहुत निष्पक्ष देवता हैं। निष्ठावान देव का पूजन सदैव फलदाई होता है। इसके साथ-साथ जनमानस प्रकृति के संरक्षण हेतु इस दिन विशेष रूप से वट वृक्ष की पूजा भी करता है। संवाद