संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सोहना-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शहीद-ए-आजम उधम सिंह के सम्मान में शहीद उधम सिंह चौक का बोर्ड लगाए जाने से कंबोज समाज में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह केवल एक साइनबोर्ड नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
कंबोज युवा वेलफेयर और समाज के विभिन्न संगठनों के प्रयासों से यह मांग पूरी हो सकी। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि लंबे समय से इस चौक का नाम शहीद उधम सिंह के नाम पर करने की मांग की जा रही थी। आखिरकार समाज की एकजुटता और लगातार प्रयासों से यह कार्य पूरा हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शहीद उधम सिंह का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विदेशी धरती पर जाकर देश के सम्मान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। समाज के लोगों ने युवाओं से उनके आदर्शों और देशभक्ति को अपनाने का आह्वान किया।