संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के धनकोट गांव में सीवर लाइन डालने के कार्य का मंगलवार को बादशाहपुर के विधायक राकेश दौलताबाद ने शिलान्यास किया। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा गांव की गलियों में सीवर लाइन डालने पर 8.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक राकेश दौलताबाद ने कहा कि गांव धनकोट को नगर निगम की सीमा में शामिल किया गया है और गांव में बेहतर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है। यहां पर 8.48 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज सिस्टम का कार्य पूरा होने के बाद बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गलियों में सीवर का पानी नहीं फैलेगा। उन्होंने कहा कि नए शामिल गांवों में शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर सड़क, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सामुदायिक केंद्र आदि की सुविधाएं मुहैया करवाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने गांव के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता गोपाल कलावत, नंबरदार राजबीर सहरावत, राकेश सहरावत, पप्पू कटारिया, बलबिंद्र तेवतिया, पूर्व पंचायत सदस्य रमेश, ओमवीर, तेजपाल सोनी, दौलताबाद के पूर्व सरपंच रामबीर, डाॅ. भरत, विनोद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।