गुड़गांव रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की 13 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
पुनर्विकास कार्य के चलते जारी की गई अधिसूचना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुड़गांव रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की 13 ट्रेनें अगस्त माह से 13 अक्तूबर तक दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी। ऐसे में दिल्ली कैंट जाने वाले यात्रियों को आसपास के दूसरे स्टेशनों के लिए टिकट बुक करानी व उतरना होगा। रेलवे विभाग ने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते कई ट्रेनों का 13 अक्तूबर तक ठहराव होने संबंधी अधिसूचना जारी की है ताकि इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।
जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला (22481), जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर (12985) और अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जनशताब्दी (12065) ट्रेन एक अगस्त से 13 अक्तूबर तक दिल्ली कैंट पर नहीं रूकेंगी। बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला (22949) ट्रेन 5 अगस्त से 13 अक्तूबर तक, बाड़मेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला (20487) ट्रेन 3 अगस्त से 13 अक्तूबर तक दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी। भुज-दिल्ली सराय रोहिल्ला (20983) ट्रेन 4 अगस्त से 13 अक्तूबर तक, जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस (15013) ट्रेन एक अगस्त से 13 अक्तूबर तक अस्थायी रूप ठहराव नहीं करेंगी। साबरमती-वाराणसी (20963) ट्रेन 6 अगस्त से 13 अक्तूबर, उदयपुर सिटी-न्यू जलपाईगुड़ी (19601) ट्रेन एक अगस्त से 13 अक्तूबर तक, बीकानेर-हावड़ा (12372) ट्रेन 6 अगस्त से 13 अक्तूबर तक दिल्ली कैंट पर नहीं रुकेंगी।
दिल्ली सराय रोहिल्ला से भुज (20984) ट्रेन एक अगस्त से 13 अक्तूबर तक, अजमेर जनशताब्दी (12066) ट्रेन एक अगस्त से 13 अक्तूबर तक और बांद्रा टर्मिनस (22950) ट्रेन 6 अगस्त से 13 अक्तूबर तक दिल्ली सराय रोहिला से रवाना होकर दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं करेंगी। इन ट्रेनों में गुड़गांव रेलवे स्टेशन से दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी हाेगी।