राजीव गांधी पार्क में बनेगा आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट- करीब 2 घंटे तक चली बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना नगरपरिषद आबादी एरिया में निर्मित अनऑथोराइज़्ड भवनों का सर्वे कराएगा तथा उनको रेगुलर करने के लिए सरकार को प्रेषित करेगा। यह निर्णय परिषद बोर्ड की बैठक में लिया गया है। इसके अलावा राजीव गांधी पार्क में आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण भी कराया जाएगा। उक्त प्रस्तावों को सभी पार्षदों ने एकमत होकर मंजूरी प्रदान कर दी है।
बुधवार को नगरपरिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गई। उक्त बैठक परिषद सभागार में आयोजित की गई थी। जो करीब 2 घंटे तक चली थी। बैठक की अध्यक्षता परिषद चैयरपर्सन प्रीति बागड़ी द्वारा की गई थी। जिसमें कुल 22 पार्षदों ने हिस्सा लिया था। जबकि 3 पार्षद अनुपस्थित रहे। आयोजित बैठक में करीब एक दर्जन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई जिंसमें पिछली बैठक की पुष्टि, वित्त एवं संविदा कमेटी बैठक की पुष्टि, भुगतान अनुमोदन कमेटी बैठक की पुष्टि प्रस्तावों को सभी पार्षदों ने एक मत होकर पारित कर दिया है। वहीं नगरपरिषद द्वारा कस्बे के राजीव गांधी पार्क में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा ताकि खिलाड़ियों को उपयुक्त स्थान मिल सके। परिषद वार्ड नम्बर 13 व 21 में पार्क का निर्माण करेगी। चौक, चौराहों व मोहल्लों में बेंच लगाएगी जिंसके लिए पार्षदों ने 400 बेंच खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। वार्ड नम्बर 2 गांव धुनेला में नगरपरिषद निजी भूमि को कब्रिस्तान के उपयोग के लिए देगी।
उक्त भूमि को गत सप्ताह परिषद द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। वहीं वर्षों से आबादी एरिया में निवास कर रहे नागरिकों के अन एप्रूव्ड भवनों की सर्वे कराकर उनको रेगुलर कराए जाने के लिए सरकार के समक्ष भेजा जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके। बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को मौजूद पार्षदों द्वारा स्वीकार करके मंजूरी प्रदान कर दी है। इस अवसर पर परिषद वाइस चैयरपर्सन रीना छाबड़ी, पार्षद सुनीता गर्ग, पार्षद वेदकला शर्मा के अलावा कार्यकारी अधिकारी सुनील रंगा, कार्यकारी अभियंता विक्की कुमार, अकाउंटेंट प्रवीण यादव आदि मौजूद रहे। वहीं कार्यकारी अधिकारी सुनील रंगा ने बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि बैठक शांतिपूर्वक रही। जिसमें एक दर्जन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया है।