पांच करोड़ के बजट को मिल चुकी है शासन की मंजूरी, छह माह में काम पूरा करने का लक्ष्य
सेक्टर-68 से 75 ए तक अभी रात के वक्त रहता है अंधेरा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी के सात सेक्टर जल्द ही सेंसर युक्त स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएंगे। सेक्टर 68 से 75 ए तक स्ट्रीट लाइटों को लगाने का काम शुरू हो गया है। सेंसर युक्त स्ट्रीट लाइटों को लगाने का काम छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। सेंसर होने कारण स्ट्रीट लाइटें सुबह-शाम होते ही स्वत: ऑन-ऑफ हो जाएंगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित किए गए सेक्टरों में अभी संसाधनों की कमी है। अब इन सेक्टरों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी जीएमडीए और नगर निगम के पास है। ऐसे में जीएमडीए इन क्षेत्रों में बड़े कार्याें को सिरे चढ़ाने में जुट गया है। जिससे तेजी से विकसित हो रहे इन सेंटरों में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सके। इसके तहत जीएमडीए पहले चरण में सेक्टर 68 से 75 तक स्मार्ट एंड कनेक्टेट स्ट्रीट लाइटों को लगवाने जा रहा है। इसमें सेक्टर 68, 69, 70, 72, 73, 75/75 ए शामिल हैं। इन सेक्टरों में डिवाडिंग रोड समेत अन्य पर 10 किलोमीटर के बीच करीब 700 एलईडी स्ट्रीट लाइटों को लगवाया जाएगा।
जीएमडीए में बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के इंजीनियर क्षितिज कुमार ने बताया कि नए सेक्टरों में स्मार्ट एंड कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटों को लगवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्ट्रीट लाइटें सेंसर युक्त होगी। ठेकेदार को पहले ही काम अलॉट किया जा चुका है और काम चल रहा है। छह माह के अंदर काम पूरा कराने को कहा गया है। इंजीनियर ने बताया कि इन लाइटों पर कमांड सेंटर से साॅफ्टवेयर के माध्यम से नजर रखी जा सकेगी। सेक्टरों में लगने वाली स्ट्रीट लाइटों को अलग-अलग ग्रुप में बांटा जाएगा। संबंधित ग्रुप की कोई लाइट चोरी या खराब होने पर तुरंत अलर्ट आएगा। इससे जीएमडीए को पता चल सकेगा कि कहां पर लाइट खराब हो गई है। इससे लाइट को ठीक कराने में मदद मिलेगी।
बता दें कि नए सेक्टरों में काफी संख्या में हाईराइज इमारतें हैं। इनमें काफी संख्या में लोग रहते हैं। अंधेरा होने से लोगों को परेशानी होती है। लोग लंबे समय से सेक्टरों में बेहतर सुविधाओं की मांग करते आ रहे हैं। इसके तहत लाइट के साथ जीएमडीए सड़क, सीवर और पानी की सुविधा भी बेहतर करने का काम कर रहा है। सड़कों के लिए अलग से टेंडर दिया गया है।
-
वर्जन-
सात सेक्टरों में स्मार्ट एंड कनेक्टेड स्ट्रीट लाइटों को लगवाने का काम चल रहा। इन सेक्टरों में तकनीक की मदद से स्ट्रीट लाइटों पर नजर रखी जाएगी। -क्षितिज कुमार, जीएमडीए