आरोपियों से पांच मोबाइल, चार सिम कार्ड और तीन लाख रुपये बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। देशभर में 75.06 करोड़ की ठगी करने वाले सात साइबर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पांच मोबाइल, चार सिम कार्ड और तीन लाख रुपये नकदी बरामद किए हैं।
पांचों मोबाइल की इंडियन साइबर क्राइम कोर्डिनेशन सेंटर से जांच कराने पर पता चला कि आरोपियों के खिलाफ ठगी करने के संबंध में कुल 5,555 शिकायतें और 199 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने यह आरोपी जुलाई व अगस्त माह में गिरफ्तार करके उनके बारे में छानबीन की थी। आरोपी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, सेक्सटॉर्शन, निवेश कराकर, फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से धोखाधाड़ी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में 16 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें से गुरुग्राम के साइबर अपराध थाना पूर्व में दो मामले और साइबर अपराध थाना दक्षिण में तीन मामले दर्ज हैं। साइबर अपराध थाना पूर्व की पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार व हितेश, समस्तीपुर (बिहार) के लिमास निवासी मोहमद शहजाद अंसारी को गिरफ्तार किया। वहीं, साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस ने आरोपी शिवराज, अभिषेक, बलिया (उत्तर प्रदेश) के रसूलपुर गांव निवासी राहुल पांडे व गया (बिहार) के नौरंगा निवासी अमरनाथ कुमार को गिरफ्तार किया है।
वर्जन
साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार चल रही है। ठगों की पहचान करके उनको गिरफ्तार किया जाता है। किसी मामले में तुरंत शिकायत मिलती है ताे ठगे गए रुपयों को फ्रीज कराया जाता है।
- प्रियांशु दीवान, सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध), गुरुग्राम।