जीएमडीए और यातायात पुलिस ने मौके पर बैरिकेडिंग कर यातायात किया नियंत्रित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित इफ्को चौक के पास जीएमडीए की मास्टर सीवर लाइन में लीकेज के कारण सर्विस रोड धंस गई। सड़क धंसने से सर्विस रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। जीएमडीए और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बैरिकेडिंग कर दी। लगातार बारिश से अन्य जगहों पर सड़क धंसने के मामले आए हैं।
इफ्को चौक के पास दिल्ली से जयपुर की ओर सर्विस रोड के साथ गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की मास्टर सीवर लाइन गुजर रही है। इसी सर्विस रोड पर जयपुर, रेवाड़ी और नारनौल की जाने वाली बसें यात्रियों को बैठाती हैं। जीएमडीए को दोपहर दो बजे के बाद सूचना मिली थी कि सर्विस रोड धंस गई है। इसके बाद जीएमडीए की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में बारिश व लाइन में लीकेज के कारण आसपास की मिट्टी कमजोर होने और सड़क धंसने की बात सामने आई। सड़क धंसने के बाद सर्विस रोड से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। फिलहाल बैरिकेडिंग लगाकर वाहन चालकों को सुरक्षित तरीके से निकालने की व्यवस्था की गई है। करीब 20 फुट चौड़ाई व 10 फीट लंबाई में सड़क धंस गई है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता भीम ने बताया कि पुरानी लाइन में लीकेज से यह समस्या आई है। एजेंसी को ठीक कराने के लिए कहा गया है। इफ्को चौक की सर्विस लेन दिल्ली-जयपुर हाईवे का हिस्सा है इसलिए सीवर लाइन में लीकेज को ठीक करने के बाद सड़क की मरम्मत एनएचएआई की ओर से कराई जाएगी।
इफ्को चौक पर पहले भी धंस चुकी सड़क
18 जुलाई 2018 को भी इफ्को चौक पर सड़क धंसने का मामला आया था। यह पहली बार नहीं है, जब इफ्को चौक के इंफ्रास्ट्रक्चर में इसी तरह के खतरे की बात सामने आई है। यहां पर रिटेनिंग वॉल के नीचे से 20 साल पुरानी मुख्य पानी की पाइपलाइन भी गुजर रही है। इसी भी हटाने के लिए दो विभागों के बीच पत्राचार चल रहा है।
सोहना हाईवे पर भी धंसी थी सड़क
पिछले दिनों सोहना हाईवे पर भी सीवर लाइन में लीकेज के कारण सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया था। इफको चौक पर फिलहाल बैरिकेडिंग कर दी गई है और लीकेज ठीक होने के बाद एनएचएआई सड़क की मरम्मत कराएगा।
भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त
लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मंगलवार को शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर सड़कें धंस गईं जिससे भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए। पहला हादसा द्वारका एक्सप्रेसवे के लिंक रोड, सेक्टर-9 पर हुआ। यहां सीमेंट से भरा एक कैंटर सड़क में धंस गया। कैंटर में लगभग 300 बैग सीमेंट लदे हुए थे। सड़क किनारे खुदाई का काम चल रहा था। बारिश के कारण हुए भारी जलभराव से चालक सड़क के नीचे चल रही खुदाई का अनुमान नहीं लगा सका। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। दूसरा हादसा दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर गांव के पास बजाज कंपनी के सामने सर्विस रोड पर हुआ। यमुना की रेती से भरा एक ट्रक बरसाती नाले को पार करते समय नाले पर डाली गई स्लैब टूटने से धंस गया। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।