गुरुग्राम। जिले में 15 जून से सीरो सर्विलांस सर्वे किया जाएगा, जिसके लिए 400 लोगों से नमूने लेकर आईजीजी एंटीबॉडीज की जांच की जाएगी। सर्वे के लिए जिले के ग्रामीण व शहरी इलाकों को 20 क्लस्टर्स में विभाजित किया गया है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों से 12 क्लस्टर व शहरी इलाकों के आठ शामिल हैं। एंटीबॉडीज की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से नियमित रूप से सीरो सर्वे किया जाता रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने इस बारे में बताया कि जिले में 400 लोगों पर सीरो सर्वे किया जाएगा। प्रत्येक क्लस्टर से 20 लोगों को शामिल किया जाएगा। उसमें भी 18 साल से ज्यादा उम्र के 12 सैंपल, 10 से 17 साल की उम्र के 6 सैंपल तथा 6 से 9 साल के उम्र के 2 बच्चों के सैंपल लिए जाएंगे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि इस सर्विलांस के माध्यम से यह भी आसानी से पता लगाया जा सकता है कि उक्त व्यक्ति पूर्व में कोरोना संक्रमित हो चुका है या नहीं। कोई पहले कोरोना संक्रमित हो चुका है और खुद से ही ठीक भी हो गया है तो इसकी जानकारी जांच के जरिए पता चल जाएगी। मालूम हो कि अप्रैल के पहले सप्ताह में ही स्वास्थ्य विभाग को सीरो सर्वे की तैयारियों के संदर्भ में निर्देशित कर दिया गया था और स्वास्थ्य महानिदेशालय ने बाकायदा सूची जारी की थी।