संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। क्षेत्र में रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के कैंप तक पहुंच को और सुरक्षित व आसान बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) नवाबगढ़ इंद्री गांव से रेवासन गांव तक करीब तीन किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इस सड़क को खास तौर पर आरएएफ की आवाजाही के लिए तैयार किया जाएगा।
इस परियोजना की खास बात यह है कि सड़क आम लोगों के लिए नहीं होगी। इस पर केवल आरएएफ के वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अन्य वाहनों और लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। जरूरत के अनुसार सड़क पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी की जा सकती है।
एचएसआईआईडीसी ओर से परियोजना का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इसके बाद डीपीआर तैयार कर मुख्यालय से प्रशासनिक मंजूरी ली जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण पर करीब 15 से 30 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसके बाद सड़क निर्माण का काम शुरू होगा।
अलग सड़क बनने से आरएएफ के वाहनों को कैंप तक पहुंचने के लिए बेहतर और सुरक्षित रास्ता मिलेगा। इससे बल की आवाजाही सुगम होने के साथ आपात स्थिति में कार्रवाई के लिए समय भी बचाया जा सकेगा। सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों को देखते हुए इस सड़क को आम यातायात से अलग रखना परियोजना का अहम हिस्सा है।-परवीन बेनीवाल, मैनेजर, एचएसआईआईडीसी