-प्रदेश सरकार की अतिरिक्त महाधिवक्ता ने अदालत में दिया जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद का चुनाव आठ हफ्तों में होगा। करीब एक साल से यह दोनों पद खाली थे। इस मामले की सुनवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जस्टिस हरसिमरन सिंह सेठी और जस्टिस विकास सूरी की अदालत में चल रही है। बृहस्पतिवार को सरकार की तरफ से पेश हुई अतिरिक्त महाधिवक्ता ने अदालत को बताया कि नगर निगम गुरुग्राम के सचिव सिद्धार्थ खंडेलवाल के निर्देशों के आधार पर सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव निर्धारित प्रक्रिया के तहत आठ सप्ताह के अंदर करा दिए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को हुई सुनवाई के दौरान हरियाणा सरकार की तरफ से दिए गए आश्वासन से अब दोनों पदों को जल्द ही भर दिया जाएगा। इन दोनों पदों को लेकर गुरुग्राम निवासी रोहित मदान द्वारा एक याचिका हाईकोर्ट में दायर की गई थी, जिसमें नगर निगम गुरुग्राम में खाली पड़े इन पदों को जल्द भरने की मांग की गई थी।