कुश्ती अकादमी के आवेदन में कमियां मिलने पर किया गया निरस्त
नंबर गेम -25 हजार रुपये मासिक मानदेय कोच को मिलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में खेलो इंडिया सेंटर की स्थापना के लिए खेल विभाग ने सेक्टर-4 स्थित इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स अकादमी का चयन किया है। विभाग की खेल अकादमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजना के तहत प्राप्त दो आवेदनों में से एक आवेदन में निर्धारित मानकों और दस्तावेजों में कमियां मिलने के कारण उसे निरस्त कर दिया गया, जबकि सभी मानदंडों को पूरा करने पर इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स अकादमी को मंजूरी दे दी गई है। विभाग की ओर से योजना को अगले माह से लागू करने की तैयारी की जा रही है।
योजना के तहत चयनित अकादमी को खेल सुविधाओं के विकास, उपकरणों और प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा अकादमी में नियुक्त प्रशिक्षक को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय भी दिया जाएगा। कर्नल राजपाल सिंह अहलावत (सेवानिवृत्त) और मंजू अहलावत के ट्रस्ट द्वारा संचालित यह अकादमी सेक्टर-4 में संचालित की जा रही है।
30 खिलाड़ी ले रहे हैं प्रशिक्षण
वर्तमान में यहां 20 लड़कों और 10 लड़कियों सहित कुल 30 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को विशेष रूप से शो जंपिंग और ड्रेसाज प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। अकादमी में घुड़सवारी की तकनीकी बारीकियों के साथ घोड़ों की देखभाल और प्रतियोगी प्रशिक्षण भी दिया जाता है। अकादमी में प्रशिक्षण देने वाले प्रशिक्षक स्वयं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं। प्रशिक्षक श्रेष्ठ शर्मा सीएसआई-1 स्टार शो जंपिंग प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता रहे हैं। वहीं, निर्भय सिंह ने वर्ष 2019 में थाईलैंड में आयोजित एफईआई प्रिंसेस कप में भारतीय टीम के साथ सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा नृपेश अहलावत जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2014 में टीम कांस्य पदक विजेता रह चुके हैं।
खेलो इंडिया सेंटर के लिए जिले से दो आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान कुश्ती के अकादमी में कुछ कमियां पाई गईं, जिसके चलते उसे निरस्त कर दिया गया। सभी मानकों को पूरा करने पर सेक्टर-4 स्थित इक्वेस्ट्रियन स्पोर्ट्स अकादमी को स्वीकृति दी गई है। -आरती कोहली, जिला खेल अधिकारी