नंबर गेम - 30 अक्तूबर की रात को हुआ था हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-14 थाना क्षेत्र में अतुल कटारिया चौक के पास अज्ञात वाहन की टक्कर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें लगने से उसकी मौत हो गई। 30 अक्तूबर की रात करीब 11.30 बजे हादसा हुआ था। मृतक के भाई राजेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-14 थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सड़क हादसे में मौत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मृतक की पहचान हाथरस (उत्तर प्रदेश) के गिलोदपुर गांव निवासी जितेंद्र सिंह (34) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में राजीव नगर चौक के पास किराये पर रहता था व सेक्टर-39 स्थित साइबर पार्क क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। मृतक के भाई राजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि 30 अक्तूबर की रात को भाई जितेंद्र सिंह ड्यूटी से घर लौट रहा था। रात करीब 11.30 बजे जब वह अतुल कटारिया चौक के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलने पर सेक्टर-14 थाने की पुलिस घायल को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृत युवक के परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार वाले गुरुग्राम पहुंचे।
रविवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि स्कूटी को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सके। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता