जीएमडीए पानी की नई लाइन जोड़ने का काम इसी माह करेगा पूरा
शहर के कई सेक्टरों में सुधर जाएगी सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन एरिया में इसी माह पेयजल की सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण चंदू बुढेरा नहरी पानी संयंत्र से सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन जा रही लाइन को बसई के पास 1600 एमएम की पाइप लाइन से जोड़ रहा है।
नई लाइन से 50 एमएलडी पानी और बढ़ जाएगा। इससे सेक्टर 45 से 58 और 58 से 75 तक पेयजल सप्लाई में सुधार होगा। जीएमडीए शहर में पेयजल सप्लाई बेहतर करने के लिए कई कदम उठा रहा है, जिससे शहर के सभी बूस्टिंग स्टेशनों तक पर्याप्त पेयजल पहुंच सके। चंदू बुढेरा नहरी पानी शोधन से सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन तक पानी की सप्लाई जाती है। चंदू बुढेरा संयंत्र से 1600 एमएम की तीन लाइनें और एक 1000 एमएम की लाइन से पानी की सप्लाई होती है। अभी एक हजार एमएम की लाइन चंदू बुढेरा संयंत्र से बसई तक है और इसके बाद सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन तक 1600 एमएम की पाइप लाइन है। इससे सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन को पूरा पानी नहीं मिल पाता है। पानी की कमी से बूस्टिंग स्टेशन 16 घंटे ही चल पाता है जबकि 20 से 22 घंटे तक संचालित होना चाहिए। एक अनुमान के अनुसार करीब 50 एमएलडी पानी सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन को मिल रहा है। इससे सेक्टर 55, 57, 58 से 75 तक कई सेक्टरों में पानी आपूर्ति कम हो पाती है।
जीएमडीए ने चंदू बुढेरा से 1600 एमएम की पाइप को बसई संयंत्र के पास सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन जाने वाली लाइन से जोड़ रहा है। इसके लिए करीब 800 मीटर 1600 एमएम की पाइप लाइन डाली जा रही है और कार्य को करीब 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य है। इसको जोड़ते ही संयंत्र से सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन तक 1600 एमएम की पाइप लाइन हो जाएगी और क्षमता के अनुसार पानी मिलना शुरू हो जाएगा।
जीएमडीए के अधिकारियों के अनुसार बसई पानी संयंत्र के पास 1600 एमएम की दो लाइनें और 1000 एक एमएम की लाइनों को आपस में जोड़ा जा रहा है। ऐसे में अब 1000 एमएम की लाइन एक प्रकार से बैकअप का काम करेगी। जरूरत के अनुसार इस लाइन से पानी दूसरे एरिया की लाइनों में भेजा जा सकेगा। मुख्य अभियंता आरएस जांगड़ा ने बताया कि पानी सप्लाई बेहतर करने के लिए काम चल रहा है। जल्द ही इसका ट्रायल होगा।
सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन शुरू करने पर जोर
जीएमडीए सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन तक शेष पाइप डलवाने का कार्य कर रहा है। इसके लिए द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ मास्टर पाइप लाइन डाली जा रही है। इसके बाद चंदू बुढेरा से पानी बूस्टिंग स्टेशन तक पहुंच जाएगा। बूस्टिंग स्टेशन से यह पानी पंप कर सेक्टर-57 से 80 तक पहुंचाया जाएगा। ऐसे में शहर की एक बड़ी आबादी को इससे राहत मिलेगी। इस एरिया में काफी सोसाइटियां बसी हैं। अभी पानी की सप्लाई सेक्टर 51 बूस्टिंग स्टेशन से होती है।