पटौदी। अंबाला के रेलवे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजकीय रेलवे पुलिस चौकी (जीआरपी) हेलीमंडी के इंचार्ज कृपाल सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम के द्वारा सर्च अभियान चलाया गया। टीम ने शिवरात्रि कांवड़ मेले को लेकर पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे पर गहनता से जांच की। कृपाल सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने, यात्रियों की यात्रा में कोई बाधा न आने देने, रेलयात्रियों की जान व माल की सुरक्षा करने के उद्देश्य से सर्च अभियान चलाया गया। इस मौके पर पटौदी रोड रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाली रेलगाड़ियों में गहनता से जांच की गई, यात्रियों के सामान आदि को चैक किया। यार्ड, साइकिल स्टैंड, प्लेट फार्म, इंतजार कक्ष, ऑटो स्टैंड मुख्य गेट आदि जगह पर जांच की गई। संवाद