- नगर निगम की प्रवर्तन शाखा के एसडीओ पर गिरी गाज
- मैरिज लॉन के निर्माण के लिए लोगों से मांगी थी रिश्वत
- आरडब्ल्यूए की संवाद बैठक में मंत्री की कार्रवाई से हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहरी निकाय मंत्री ने प्रवर्तन शाखा के एसडीओ हितेश दहिया को भ्रष्टाचार के मामले में सस्पेंड कर दिया है। आरोप है कि एक मैरिज लॉन के निर्माण के लिए 13 लाख रुपये की घूस की मांग कर रहा था। एसडीओ ने मांग पूरी न होने पर मैरिज लॉन को तोड़ दिया था। बुधवार को प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद भवन में आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे।
सुधा ने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी नागरिक को परेशानी ना हो। अधिकारी समय-समय पर नागरिकों से संपर्क करते रहें ताकि एक बेहतर तालमेल बना रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों के साथ अच्छा व्यवहार करें तथा उनकी शिकायतों के समाधान बारे उन्हें संतुष्टिपूर्ण जवाब दें और समस्या का समाधान करवाएं।
निकाय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकार द्वारा 30 जून तक सभी ड्रेनेज सफाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन ऐसे इंजीनियरों की जांच की जाए, जिन्होंने पिछले 5-6 माह से कोई भी टेंडर नहीं लगाया है। जांच के बाद संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मंदिर के सामने मांस बिक्री के मामले की सुनवाई करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल के पास अगर ऐसी कोई गतिविधि हो रही है, तो उसे हटाया जाएगा।
बैठक में एक शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने जोन-2 क्षेत्र की इनफोर्समैंटविंग के इंचार्ज कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जन संवाद के दौरान निगमायुक्त डा. नरहरि सिंह बांगड़ ने सभी का स्वागत किया तथा नगर निगम गुरुग्राम द्वारा सफाई, पेयजल आपूर्ति, गर्मी से राहत के लिए शोधित पानी का छिडक़ाव सहित अन्य कार्यों की जानकारी बैठक में दी।
संवाद