सरकारी स्कूलों में एक अक्तूबर तक सेवा पखवाड़े के होंगे कार्यक्रमसंवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत एक अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालयों के लिए इन कार्यक्रमों का आयोजन अनिवार्य है, और जो विद्यालय इसका पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रमों की जिम्मेदारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के प्राचार्यों को सौंपी गई है। वे विद्यालय स्तर, खंड स्तर और जिला स्तर पर होने वाले आयोजनों के नोडल अधिकारी होंगे।
विभाग के आदेशानुसार, प्रत्येक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और संबंधित विद्यालयों को गतिविधियों की रिपोर्ट समय पर कार्यालय को भेजनी होगी। समापन समारोह 1 अक्तूबर को साइकिल रैली के साथ आयोजित किया जाएगा। सभी राजकीय विद्यालयों को प्रतिदिन प्रतिभागियों की संख्या विभाग को उपलब्ध कराना अनिवार्य है। शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी रविंद्र दीक्षित ने बताया कि सेवा पखवाड़े की रिपोर्ट दिन-प्रतिदिन ली जा रही है।