गुरुग्राम। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और छात्र सुरक्षा की अब एक समान मानकों पर जांच होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति एनईपी-2020 के तहत राज्य सरकार ने स्टेट स्कूल स्टैंडर्ड अथॉरिटी एसएसएसए का गठन किया है।
यह अथॉरिटी प्रदेश के सभी स्कूलों का समय-समय पर मूल्यांकन करेगी और कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुझाव भी देगी। अथॉरिटी स्कूलों में कक्षाओं की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, छात्र सुरक्षा, शिक्षकों की गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था और विद्यार्थियों के सीखने के स्तर जैसी बिंदुओं की जांच करेगी। इसके आधार पर स्कूलों की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा, जिससे शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। जिले में बड़ी संख्या में सरकारी और निजी स्कूल संचालित हैं। ऐसे में इस नई व्यवस्था से सभी स्कूलों के लिए समान गुणवत्ता मानक लागू होंगे। संवाद