मांगों को लेकर दो सितंबर तक जारी रहेगा आंदोलन, तीन सितंबर तक समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल को तीन दिन और बढ़ाने का फैसला किया है। रविवार को रोहतक के कर्मचारी भवन में हुई राज्य कार्यकारिणी की कन्वेंशन में 31 अगस्त से दो सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि तीन सितंबर तक सरकार ने मानी गई मांगों को लागू करने के आदेश जारी नहीं किए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जाएगा।
गुरुग्राम में रविवार को पुराने नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों की हड़ताल 25वें दिन भी जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत और फायर विभाग के जिला प्रधान व उपप्रधान ने की, जबकि संचालन धर्मपाल ने किया। रविवार को अवकाश होने के कारण हड़ताल स्थल पर कर्मचारियों की संख्या कम रही।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य उपप्रधान ने आरोप लगाया कि सरकार पुलिस के माध्यम से आंदोलन को दबाने और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर हड़ताल खत्म कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुई सहमति के अनुसार कई मांगों को लागू किया जाना था, लेकिन अब तक संबंधित आदेश जारी नहीं किए गए हैं। कर्मचारी नेताओं ने दावा किया कि 13 मई के समझौते में सफाई कर्मचारियों, सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क और फायर विभाग के ड्राइवर व फायरमैन को 30 जून तक पक्का करने का वादा किया गया था। इस दौरान राज्य उपप्रधान बसंत कुमार, पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार, धर्मपाल, सीमा देवी, पिंकी, सुनीता, कमला देवी, लालचंद, उपप्रधान ज्ञानचंद, फायर कर्मचारी मुकेश, कुलदीप, सतपाल, सुभाष, हरिओम, संगठन सचिव तेजपाल और सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद रहे।