रुपयों के लेनदेन के विवाद में सेल्समैन की हुई थी हत्या
गुरुग्राम। सेक्टर-12ए में खाली प्लॉट में ऑटोमोबाइल कंपनी के सेल्समैन का अधजला शव मिलने के मामले की गुत्थी पुलिस ने रविवार को सुलझा ली। पुलिस ने एक ऑटो पार्ट्स व्यापारी को गिरफ्तार किया। जिसने बताया कि मृतक से उसका 20 हजार रुपये लेनदेन का विवाद था। शुक्रवार रात को दोनों ने व्यापारी की गाड़ी के अंदर शराब पी। शराब पीने के बाद लेनदेन की बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। शराब केनशे में व्यापारी ने सेल्समैन बंटी को गाड़ी के अंदर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे गाड़ी से उतारकर सड़क पर सिर पटक पटकर मारा जिसमें मौत हो गई। व्यापारी ने पकड़े जाने के डर से खाली प्लॉट केपास खड़ी बाइक से पेट्रोल निकालकर अधमरी हालत में पड़े सेल्समैन पर छिड़क व आग लगाकर फरार हो गया। हालांकि थोड़ी ही देर में आग बुझ जाने से वह अधजली हालत में मर गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
सेक्टर-12ए स्थित माधव भवन के पास खाली प्लॉट पर शनिवार सुबह युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर चोट के निशान मिले। जांच में सामने आया कि उसके निजी अंगों को जलाया गया था, उसके कपड़े भी अधजली हालत में मिले। पुलिस को मृतक के जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान मदनपुरी निवासी बंटी हसीजा (31) के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक ऑटो मोबाइल कंपनी में स्पेयर पार्ट्स सेल्समैन का काम करता है। शुक्रवार सुबह वह घर से ड्यूटी के लिए निकला लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने युवक के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं लगा। शनिवार सुबह युवक का शव मिलने पर परिजन भी हतप्रभ रह गए। हालांकि परिजनों ने किसी रंजिश की बात से इनकार किया। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की जिसमें रविवार को आरोपी स्पेयर पार्ट्स दुकान संचालक विजय बत्रा को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है जिसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।