बादशाहपुर। थाना क्षेत्र की ट्यूलिप वॉइलेट सोसाइटी के अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिकारी एएसआई इरफान ने जानकारी देते हुए बताया कि मूलरूप से जयपुर निवासी 30 वर्षीय नमन चौधरी पिछले छह साल से गुरुग्राम के सेक्टर चार में रह रहे थे। नमन चौधरी आईएमटी मानेसर की पेसेफिक नामक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि नौ जून को नमन चौधरी ट्यूलिप वॉइलेट सोसाइटी में अपने मामा चिरंजीव के घर आए थे। अगले ही दिन 10 जून की सुबह करीब साढ़े नौ बजे नमन चौधरी ने अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी।
एएसआई इरफान ने बताया कि जांच में पता चला है कि नमन चौधरी पिछले करीब दो साल से डिप्रेशन की दवाई खा रहे थे। डिप्रेशन के चलते ही उन्होंने आत्महत्या की है। इरफान ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।