संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के युवा खिलाड़ी सक्षम सोनवणे ने अपने शानदार प्रदर्शन से जिले का नाम रोशन किया है। सोनीपत, हरियाणा में आयोजित सीबीएसई जोनल ताइक्वांडो टूर्नामेंट में सक्षम ने गोल्ड मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। सक्षम सोनवणे नियमित रूप से अजीत स्टेडियम, सेक्टर-104, धनवापुर में कठोर प्रशिक्षण लेते हैं। उनकी मेहनत और समर्पण का ही नतीजा है कि उन्होंने इस स्तर पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
अब सक्षम का अगला लक्ष्य सीबीएसई नेशनल स्कूल गेम्स है। जहां वे अपने हुनर और लगन से एक बार फिर से गुरुग्राम का परचम लहराने के लिए तैयार हैं। कोचों और खेल प्रेमियों का मानना है कि सक्षम की यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।