प्रदेश के मुख्यमंत्री की बागडोर संभालने पर कुरुक्षेत्र के सांसद को दी बधाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भाजपा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की बागडोर संभालने पर कुरुक्षेत्र के सांसद नायब सैनी को बधाई दी है। जीएल ने कहा कि एक बार फिर यह साबित हो गया कि भाजपा में निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करने वाला सामान्य कार्यकर्ता भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने प्रदेश के विकास पुरुष मनोहर लाल के इस्तीफे के बाद नायब सैनी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंप कर यह साबित कर दिया कि प्रदेश में विकास की इस गति को रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित सभी शीर्ष नेताओं का सैनी को मुख्यमंत्री पद पर चयन करने पर आभार जताया।
जीएल ने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में मनोहर लाल के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। निसंदेह अब प्रदेश के नए मुखिया नायब सैनी हरियाणा के विकास को नई गति प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने हर वर्ग के विकास की अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की। प्रदेश में सुशासन की अवधारणा कायम हुई।