रोजाना सेक्टर 31 से सुशांत लोक फेस एक में पैसे जमा करने जाते थे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सीएनजी पंप कंपनी के कार्यालय में पैसे जमा करने स्कूटी से जा रहे कर्मियों से सोमवार सुबह 11 बजे बाइक सवार बदमाशों ने लगभग 9 लाख 35 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। कर्मियों ने सेक्टर 17/18 थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार यूपी के फतेहपुर निवासी कृष्णकांत रमन ने शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-31 में हरियाणा सिटी गैस पंप में 2017 से मैनेजर है। वह झाड़सा गांव में किराए के मकान में रहता है। कंपनी का मुख्य कार्यालय सुशांतलोक फेस-एक में हैं। रोजाना की तरह सोमवार को वह सेक्टर-31 पंप का कैश मुख्य कार्यालय में जमा कराने सुबह 11 बजे साहिल व पटेल के साथ जा रहा था। बैग में 9,35,670 रुपये थे। रास्ते में दिल्ली-जयपुर हाइवे से होते हुए इफको चौक से पहले सर्विस रोड पर पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने कृष्णकांत के कंधे से बैग छीन लिया और फरार हो गए। तीनों ने काले रंग के हेलमेट पहन रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।