बाइक चोरी के आरोपी से 103 मोबाइल सिम हुई बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र में पुलिस ने बाइक चोरी के आरोपी से 103 मोबाइल सिम के साथ 35 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला है कि यह सिम महंगे दाम पर साइबर ठगों को बेचे जाते थे। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य सवालों के जांच में जुटी है।
सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी शिकायत में सब इंस्पेक्टर धर्मवीर ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ सेक्टर-51 में मौजूद थे। उनको सूचना मिली कि सेक्टर-49 ओमेक्स मॉल के पास एक युवक अपने साथी के साथ मॉल से बाहर आएगा जो बाइक चोरी की वारदातों में शामिल है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शक पर एक युवक को रोक लिया और पूछताछ करने लगे। उसी समय दूसरे युवक ने मौके से भागने का प्रयास यिका, जिसे करीब 200 मीटर तक पीछा कर काबू कर लिया गया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान भरतपुर राजस्थान के रहने वाले सब्बीर उर्फ साबिर के रूप में हुई। जांच के दौरान आरोपी के पास से 103 सिम व 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए। जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह धोखाधड़ी करने वालों को यह सिम महंगे दामों में बेचते थे। इस पर पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आखिर यह सिम कहां से लाते थे और किस तरह से इन सिम को एक्टीवेट कराते थे। अब तक यह कितने लोगों को इस तरह की सिम बेच चुके हैं।