कंपनी सीईओ की शिकायत पर सेक्टर-53 थाने में प्राथमिकी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-53 थाना क्षेत्र में युवक ने कंपनी से लैपटॉप, टैबलेट, फोन व स्मार्ट घड़ियों को 37 लाख रुपये में लीज पर लिया था। मामले में जून 2024 में 48 माह पूरे होने के बाद खरीदने के विकल्प के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को लीज पर लेने का एग्रीमेंट हुआ था।
आरोपी ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का किराया देना बंद कर दिया। ऐसे में आरोपी पर 12 लाख रुपये किराया भी बकाया है। कंपनी सीईओ की शिकायत पर सेक्टर-53 थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। इंफिन टेक रेंट गुरु प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ आशीष गांधी ने आर्थिक अपराध शाखा को दी शिकायत में बताया कि उनका कार्यालय गोल्फ कोर्स रोड, सेक्टर-53 में है। उनकी कंपनी लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को किराये पर देने व बेचने का कारोबार करती है। जून 2024 के दौरान विनय कुमार झा उनके कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के बारे में बातचीत की।
विनय कुमार झा ने 18 जून 2024 को इंफिन टेक रेंट गुरु प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से 48 माह पूरे होने के बाद खरीदने के विकल्प के साथ लैपटॉप लीज पर लेने का एग्रीमेंट किया। समय-समय पर विनय कुमार झा ने कंपनी से लैपटॉप व दूसरे डिवाइस के लिए कई ऑर्डर दिए। इनमें 37 लाख रुपये कीमत के लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल और स्मार्ट घड़ियों सहित कुल 31 गेजेट्स उन्हें लीज पर दिए गए। आरोप है कि विनय कुमार झा ने किराया देना बंद कर दिया और उस पर अब 12 लाख रुपये किराये के तौर पर बाकी हैं। वहीं, विनय कुमार ने सभी लीज पर ली गई गेजेट्स को गैरकानूनी तरीके से अनजान लोगों को बेच दिया। यह भी पता चला है कि विनय कुमार झा के खिलाफ गुरुग्राम में कई मामले पेंडिंग हैं। उसने कंपनी के साथ लीज के रुपये व किराये सहित 49 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा की टीम कर रही है। सेक्टर-53 में प्राथमिकी दर्ज करके रिपोर्ट आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई है।