परियोजना परिषद ने जारी किया बजट, समग्र शिक्षा कार्यालय की ओर से भेजी जाएगी राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के लिए बजट जारी कर दिया है। पीएम श्री स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं व संसाधनों के साथ पढ़ाई कराई जाएगी। स्कूलों में संसाधनों पर 2.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। समग्र शिक्षा कार्यालय गुरुग्राम के बैंक खाते में राशि आ चुकी की है। अब इस राशि को जिले के चारों पीएम श्री स्कूलों को भेजी जाएगी। पीएम श्री स्कूलों के बनाए गए पोर्टल पर राशि वितरण संबंधित रिपोर्ट पर अपलोड की जाएगी कि कौन से स्कूल में कितनी राशि भेजी गई है।
समग्र शिक्षा गुरुग्राम से सहायक परियोजना समन्वयक (एपीसी) सत्यनारायण यादव ने बताया कि जिले के चारों खंडों से एक-एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल को पीएम श्री योजना में शामिल किया गया है। गुरुग्राम खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चकरपुर, सोहना खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल घामडोज अलीपुर, पटौदी खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल शेरपुर और फर्रुखनगर खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कारोला को पीएम श्री स्कूल का दर्जा मिला है। चारों स्कूलों में दोनों माध्यम हिंदी व अंग्रेजी से पढ़ाई कराई जाएगी।
एपीसी सत्यनारायण यादव ने बताया कि पीएम श्री दर्जा प्राप्त स्कूलों में नई शिक्षा नीति के तहत खेल-खेल में पढ़ाई कराई जाएगी। स्कूलों में स्मार्ट कक्षा रूम, आधुनिक कंप्यूटर लैब व साइंस लैब उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों के बैठने के लिए सभी कक्षाओं में बैंच व डेस्क की व्यवस्था की जाएगी। गुरुग्राम के चार पीएम श्री स्कूलों में से तीन स्कूलों में अटल टिंकरिंग लैब और एक स्कूल में नेकस्ट जेन लैब बनाई जाएगी। इस पर लगभग 2.80 करोड़ रुपये खर्च होगा। चारों स्कूलों को जल्द ही राशि भेजी जाएगी।