प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने दोनों बिल्डरों के चार प्रोजेक्ट किए थे सील, पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भरने के बाद मिली राहत
नंबर गेम - 1.5 करोड़ रुपये एम3एम से वसूला
नंबर गेम 02 - 04 प्रोजेक्ट किए गए थे सील
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। वायु प्रदूषण रोकने के लिए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के नियमों की अनदेखी करना दो बड़े बिल्डर समूहों को भारी पड़ गया। नियम तोड़ने पर प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने एम3एम के तीन और और गोदरेज का एक प्रोजेक्ट सील कर दिया था। इसके बाद लगाए गए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भरने के बाद विभाग की तरफ से सील हटाई गई है।
एम3एम ने 1.5 करोड़ रुपये का और गोदरेज ने 50 लाख रुपये का पर्यावरण क्षतिपूर्ति जुर्माना भरा है। प्रदूषण स्तर बढ़ने पर निर्माण कार्य पर रोक लगा दी जाती है। ऐसे में सीएक्यूएम की तरफ से दिए गए निर्देश के अनुसार ही कार्य किया जा सकता है। ग्रेप-3 में खुदाई, मिट्टी भराई, बोरिंग, पाइलिंग, तोड़फोड़, ईंट-चिनाई, आरएमसी प्लांट संचालन, बड़े स्तर पर वेल्डिंग, पेंटिंग, प्लास्टर, टाइल-कटिंग और सड़क निर्माण जैसे धूल फैलाने वाले कार्यों पर रोक रहती है।
सामान्य परिस्थितियों में भी निर्माण सामग्री और मलबे को ढककर रखना, उन्हें ढके हुए वाहनों में ले जाना, पानी का छिड़काव करना और एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल करना जरूरी है। 500 वर्गमीटर या इससे बड़े निर्माण स्थलों का संबंधित पोर्टल पर पंजीकरण और धूल नियंत्रण उपायों की निगरानी की व्यवस्था भी अनिवार्य है। ग्रेप के दौरान इन उपायों को और सख्ती से लागू करना होता है
ग्रेप लागू होने के दौरान विभाग की विभिन्न टीमों ने शहर में चल रही साइट पर निरीक्षण किया था। इस दौरान नियमों की अवहेलना होने पर प्रोजेक्ट को सील कर दिया गया। बिल्डर की तरफ से अब पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति जुर्माना भर दिया गया है। अन्य बिल्डर के लिए भी जुर्माना भरने के लिए नोटिस दिया जा रहा है। - हरीश शर्मा, क्षेत्रीय अधिकारी, राज्य प्रदूषण बोर्ड