चार गांवों के तालाबों का होगा विकास और जीर्णोद्धार, 1.38 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने शहर के चार गांवों के तालाबों के विकास, गहरीकरण और जीर्णोद्धार की योजना तैयार की है। इन कार्यों पर करीब 1.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें नाथूपुर, बेहरामपुर, बालोला और चौमा गांव के तालाब शामिल हैं। नाथूपुर के तालाब के गहरीकरण और गाद निकालने पर 36.24 लाख रुपये खर्च होंगे, जिसे पांच महीने में पूरा किया जाएगा। बेहरामपुर और बालोला गांव के तालाबों के विकास पर क्रमशः 46.92 लाख रुपये (चार महीने) और 45.47 लाख रुपये (छह महीने) खर्च होंगे। चौमा गांव में हनुमान मंदिर के पास स्थित तालाब के जीर्णोद्धार पर 9.98 लाख रुपये खर्च होंगे, इसे भी छह महीने में पूरा करना है। मुख्य अभियंता विजय ढाका ने बताया कि निगम क्षेत्र के कुल 140 तालाबों के विकास के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। ब्यूरो